संवाद न्यूज एजेंसी
मुहम्मदाबाद। दोस्तों के साथ बेतवा नदी में पिकनिक मनाने गए दो किशोर शनिवार को नहाते समय नदी में डूब गए थे। साथ गए किशोरों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे किशोरों की तलाश शुरू कराई थी। किशोरों का पता न चलने पर पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम बुलाकर रविवार को नदी में तलाश कराई। तो एक किशोर का शव नदी से मिल गया है। शव मिलते ही परिजनों मेें कोहराम मच गया। वहीं टीम दूसरे किशोर की तलाश कर रही है।
शहर कोतवाली के मुहल्ला उमरारखेडा निवासी कल्लू का 17 वर्षीय पुत्र समीर उर्फ छोटू, अभिषेक (16), हसन (16) व बरकत (15) सभी दोस्त शनिवार को साइकिलों से डकोर थाना क्षेत्र के टीकर गांव स्थित बेतवा नदी पर पिकनिक मनाने गए थे। जहां अभिषेक व समीर नहाने के लिए नदी में उतरे और गहरे पानी में चले जाने से दोनों डूब गए। साथ गए हसन व बरकत ने दोनों को डूबता देख शोर मचाना शुरू किया जिससे आसपास के लोग आ गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से डूबे किशोरों की तलाश कराई लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। रविवार को पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने किशोरों की तलाश शुरू की। जिस पर टीकर से तीन किलोमीटर दूर खरका गांव के पास नदी में समीर का शव मिल गया। परिजनों को जानकारी होने पर कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टीम अभिषेक की तलाश में जुटी है। वहीं उसके परिजन नदी के किनारे बैठकर उसके मिलने की आस लगाए बैठे हैं। मृतक समीर की मां शाहिदा ने बताया कि वह दोस्तों के साथ कब नदी पर पहुंच गया इसकी परिजनों को कोई जानकारी नहीं थी। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसकी पांच बहनें है। किशोर की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पिता कल्लू मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। डकोर कोतवाल लोकेंद्र सिंह ने बताया कि एक किशोर का शव मिल गया है दूसरे की तलाश में एनडीआरएफ की टीम जुटी हुई है।
