कुठौंद। जिला जालौन और औरैया को जोड़ने वाला शेरगढ़ घाट यमुना पुल शुक्रवार को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। पुलिस ने पुल पर बैरिकेडिंग कर दी है, जिस वजह से लोग अब एक्सप्रेसवे व अन्य रास्तों से होकर औरैया जा रहे हैं। यह पुल फिलहाल एक माह तक के लिए बंद किया गया है, काम अधूरा रहने पर यह अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।
राज्य मार्ग-21 बिलराया-पनवाड़ी मार्ग में जालौन सीमा पर शेरगढ़ घाट स्थित यमुना नदी सेतु पर भारी वाहन प्रतिबंधित चल रहे थे। पिछले साल नवंबर में ही इन पर रोक लगा दी थी। उसके बाद बाहर से आए इंजीनियरों ने पुल की जांच की तो उसके बियरिंग के जाम होने की बात सामने आई।
सेतु के डैक स्लैब में भारी वाहनों के आवगामन से अत्यधिक वाइब्रेशन हो रहा था, जिससे भारी वाहनों पर रोक लगा दी गई थी। प्रतिदिन दो हजार के करीब वाहन इस पुल से गुजरते हैं। लिहाजा पुल की मरम्मत को लेकर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। गुरुवार से काम शुरू कर दिया गया। गुरुवार को एक साइड खोदाई हुई, जिस वजह वाहनों को रोका नहीं गया था।
आधी रात तक दूसरी ओर की खोदाई शुरू कर दी और शुक्रवार तड़के पुल को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। पुल बंद होने के बाद कुठौंद से कई वाहन माधौगढ़ रोड से होते हुए बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे होकर जा रहे हैं। वहीं उरई से जाने वाले वाहन जालौन से आगे एक्सप्रेस-वे से औरैया की ओर जा रहे हैं।