http://www.a2znewsup.com



पर्वत सिंह बादल ( ब्यूरो चीफ जालौन)✍️

(उरई जालौन)उरई: जालौन जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्यवाही की जाए साथ ही ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइविंग, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग न करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग पर भी सख्त प्रवर्तन किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की स्थिति में संबंधित वाहन स्वामी एवं अभिभावक के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि विद्यालयों में नियमित रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनाया जाए। स्कूल वाहनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस, चालक-परिचालक का सत्यापन, वाहन पर संपर्क विवरण, रोड रिफ्लेक्टर एवं अन्य सुरक्षा मानकों की नियमित जांच अनिवार्य रूप से की जाए। रोड रिफ्लेक्टर न पाए जाने की स्थिति में पहली बार 10,000, दूसरी बार 20,000 का जुर्माना तथा तीसरी बार चालक का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि हेलमेट न पहनने की स्थिति में आम नागरिकों के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों पर भी समान रूप से जुर्माना लगाया जाए, जिससे नियमों के पालन का स्पष्ट संदेश जाए। नगर क्षेत्र में सड़क मार्गों पर बने अवैध कटों को तत्काल बंद कराने तथा अतिक्रमण हटाने हेतु नगर मजिस्ट्रेट एवं सीओ सिटी को विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने डकोर ब्लॉक में डंपिंग यार्ड बनाए जाने हेतु लोक निर्माण विभाग को आगणन गठित करने हेतु निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को रोड सेफ्टी क्लबों की संख्या बढ़ाए जाने के निर्देश दिये गये। एनएचएआई के द्वारा एनएच 27 पर मार्ग कार्य की धीमी प्रगति पर रोष प्रकट किया गया। राठ रोड ओवर ब्रिज के आगे रोटरी चौराहे का आगणन शीघ्र गठन हेतु अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया गया
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, सीओ सिटी, अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, सुनील कुमार, महेंद्र सिंह, एआरटीओ राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By Parvat Singh Badal (Bureau Chief Jalaun)✍️

A2Z NEWS UP Parvat singh badal (Bureau Chief) Jalaun ✍🏻 खबर वहीं जों सत्य हो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें