
पर्वत सिंह बादल ( ब्यूरो चीफ जालौन) ✍️
(उरईजालौन) उरई: आज़ जनपद जालौन में 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने अपने कैम्प कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर में विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर राष्ट्रगान के साथ संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों एवं संकल्पों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
जिलाधिकारी ने देश की स्वतंत्रता एवं अखंडता के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि वीर स्वतंत्रता सेनानियों के महान संघर्ष से प्राप्त आज़ादी अमूल्य है, जिसकी रक्षा का दायित्व हम सभी एवं आने वाली पीढ़ी पर है। इस अवसर पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की उपलब्धियों का प्रमुखता से बताया। जिलाधिकारी ने तिरंगे के महत्व, गणतंत्र दिवस के गौरवशाली इतिहास तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनमानस को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रशासन में जन सहभागिता, जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण, जनजातीय विकास, पर्यावरण संतुलन, रोजगार सृजन, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, उद्योगों की स्थापना, एक्सप्रेसवे एवं सड़कों का निर्माण, समाज कल्याण, महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण, पुलिस सुधार, शहरी विकास, खेल एवं शिक्षा को प्रोत्साहन, वृद्धजन कल्याण, किसानों को सिंचाई हेतु निःशुल्क पानी, आय दोगुनी करने के प्रयास तथा एक जनपद–एक उत्पाद जैसी योजनाओं के माध्यम से समग्र विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सुरक्षा एवं विकास के मार्ग पर चलते हुए कानून व्यवस्था एवं भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ आगे बढ़ रही है। जनपद में शांति, सौहार्द एवं सद्भावना का वातावरण सृजित करने हेतु जनमानस की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान की सर्वोच्चता, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने नागरिकों से लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने, कानून का पालन करने तथा राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, वरिष्ठ कोषाधिकारी अवनीश सिंह आदि अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनसामान्य की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण बना रहा।



