
पर्वत सिंह बादल ( ब्यूरो चीफ जालौन)✍️
(उरईजालौन) उरई: जालौन में आज शासन के निर्देशानुसार राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, उरई के छात्र/छात्राएं स्टाफ के साथ पॉलिटेक्निक चलो अभियान *”पॉलीटेक्निक से स्वावलंबन की ओर बढ़ते कदम”* कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक, उरई का भ्रमण किया और प्रवेश से संबंधित शैक्षणिक जानकारी प्राप्त की।
जिले के समस्त आईटीआई के छात्र-छात्राओं से प्राविधिक शिक्षा से जुड़कर पॉलिटेक्निक से डिप्लोमा करके अपने भविष्य को सफल बनाकर प्रदेश व देश के विकास में जुड़ने को कहा गया।
इस दौरान राजकीय पॉलिटेक्निक की प्रचार प्रसार समिति के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि आईटीआई पास छात्र-छात्राएं सीधे K ग्रुप में आवेदन कर द्वितीय वर्ष में प्रवेश ले सकते हैं। आईटीआई के छात्र ऐसे आठ(8) डिप्लोमा में आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी की आयु 14 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए।
अधिकतम आयु की कोई सीमा निर्धारित नहीं है संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक) में दिव्यांग अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत आरक्षण दिया जाता है। ओबीसी, एससी, एसटी और ई.डब्ल्यू.एस., पूर्व सैनिक के आश्रितों को शासन के निर्देशानुसार आरक्षण प्रदान किया जाता है। उन्होंने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक उरई में तीन ब्रांच हैं इनमें मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट एंड सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस, A ग्रुप की सिविल इंजीनियरिंग व सिविल इंजीनियरिंग ईपीसी है। सभी ब्रांच में प्रवेश के लिए 75-75 सीटें उपलब्ध हैं। तथा K ग्रुप की 7-7 सीट्स उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि ग्रुप डी की ब्रांच मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट एंड सेक्रेटरियल प्रैक्टिस छात्राओं के लिए सबसे ज्यादा उपयोगी व रोजगारपरक ब्रांच है। इसमें वह किसी भी विभाग में एलडीसी, एडीसी, सेक्रेटरी परामर्शदात्री, स्टेनो, वैयक्तिक
सहायक, जनसंपर्क अधिकारी, ई-कंपनियों के प्रबंधक, आईटीआई व सेवायोजन विभाग में अनुदेशक आदि पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं इसको सरकार द्वारा मान्य कंप्यूटर कोर्स “ओ” लेवल के बराबर मान्यता प्राप्त है। सभी छात्र/छात्राओं हेतु छात्रावास व समृद्ध पुस्तकालय तथा कम्पनी प्लेसमेंट की सुविधा भी है।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक) का फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल, 2026 है। अभ्यर्थी www.jeecup.admission.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन करें।पंजीकरण हेतु अभ्यर्थी व्यक्तिगत मोबाइल न० एवं ईमेल आईडी का ही प्रयोग करें। फॉर्म से संबंधित समस्या पर कोई भी छात्र/छात्रा किसी भी कार्य दिवस में पॉलीटेक्निक आकर संपर्क कर सकते हैं, हेल्प डेस्क की टीम से फॉर्म भी भरवा सकते हैं।
भ्रमण के दौरान पॉलीटेक्निक के ऋषिकांत त्रिपाठी, संजीव अग्रवाल, डॉ गौतम प्रधान, संजीव श्रीवास्तव, मनोज अहिरवार व प्रदीप कुमार भी रहे।
राजकीय आईटीआई से भगवत किशोर, सैफ अहमद, पूरन लाल तथा टाटा कंपनी से सौरभ विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।
