अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) बोर्ड की बैठक बृहस्पतिवार को होगी। इसमें 10 प्रस्तावों को रखा जाएगा जिनमें बिल्डर्स द्वारा बनाई कॉलोनियों में गरीबों के लिए 160 फ्लैट आवंटन, मल्टी लेवल पार्किंग के साथ होटल व पेट्रोल पंप बनाने के नियमों को शिथिल करने पर मंथन होगा।
जेडीए बोर्ड की बैठक मंडलायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में सुबह 10.30 बजे से शुरू होगी। इसकी अध्यक्षता मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे करेंगे। जिसके लिए जेडीए ने 10 अहम प्रस्तावों को स्वीकृति के लिए तैयार किया है। इसमें बिल्डर्स द्वारा बनाई कॉलोनियों में गरीबों के लिए बने ईडब्ल्यूएस व एलआईजी के 160 फ्लैट के आवंटन, प्राधिकरण की बेतवा विहार तथा पीताम्बरा कॉलोनी में छूटे हुए भूखंडों के आवंटन, होटल के लिए 12 मीटर की सड़क पर कम से कम एक हजार वर्ग मीटर जमीन की अनिवार्यता को खत्म करते हुए नौ मीटर की सड़क पर एक हजार वर्ग मीटर से कम भूखंड पर भी होटल का नक्शा पास करने व पेट्रोल पंप के लिए 18 मीटर की सड़क की अनिवार्यता को शिथिल किया जाएगा।
इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर एक-दो के बीच में करीब 36 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी लेवल पार्किंग का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। यदि इस प्रस्ताव को बोर्ड की मंजूरी मिलती है, तो प्राधिकरण शासन को धनराशि के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजेगा। प्राधिकरण का दावा है कि मल्टी लेवल पार्किंग बनने से मेडिकल कॉलेज के आसपास सुबह से शाम तक लगने वाले जाम से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
जेडीए उपाध्यक्ष आलोक यादव ने बताया कि बोर्ड की बैठक बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े दस बजे से होगी। इसमें अहम 10 प्रस्तावों पर स्वीकृति के लिए रखा जाएगा।
