उरई। सीतापुर एक्सप्रेस व पनवेल एक्सप्रेस के सेकेंड एसी कोच में पांच यात्रियों के जेवर और नकदी सहित जरूरी कागजात चोरी हो गए। यात्रियों के मुताबिक यह वारदात ललितपुर से झांसी के बीच हुई है।
मुंबई से सीतापुर जाने वाली सीतापुर एक्सप्रेस (12107) मंगलवार की दोपहर 1:22 बजे उरई स्टेशन पहुंची। इसके सेकेंड क्लास एसी में सवार उरई निवासी शिवम ने जीआरपी को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनका थाणे (मुंबई) से उरई तक का रिजर्वेशन था। उनके साथ तीन और परिजन थे। उनका ट्राॅली बैग चोरी हो गया जिसमें जेवर, पैसे समेत करीब डेढ़ लाख का सामान था। इसी तरह इसी कोच में सीट नंबर 11 पर सवार सीतापुर निवासी सपना सिंह भोपाल से सीतापुर जा रही थीं, उनका भी बैग चोरी हो गया। बैग में मंगलसूत्र, जंजीर, अंगूठी व 40 हजार नगदी समेत दो लाख का सामान चोरी हो गया। इसी कोच की सीट नंबर 17 में सवार कानपुर निवासी गुरवीर भी मुंबई से कानपुर जा रहे थे। उनका भी बैग चोरी हुआ है। बैग में कैमरा, 60 हजार नकदी, एटीएम आदि चोरी हो गया।
इसके बाद पनवेल से गोरखपुर जाने वाली पनवेल एक्सप्रेस (15066) के सेकेंड क्लास एसी के ए 2 कोच की सीट नंबर 11 पर सवार सिद्धार्थनगर निवासी शफीउल्ला का ट्राॅली बैग चोरी हो गया। इसमें 15 हजार रुपये, मोबाइल व अन्य सामान था। वह नासिक से सिद्धार्थनगर जा रहे थे। इसी ट्रेन के इसी कोच में कानपुर निवासी वशिष्ठ नासिक से कानपुर की यात्रा कर रहे थे, उनका भी ट्राली बैग चोरी हुआ है। इसमें आईफोन करीब एक लाख रुपये का सामान था। उरई निवासी शिवम ने उरई में तहरीर दी है, जबकि अन्य यात्रियों ने अपने अपने गंतव्य पर तहरीर देने की बात कही है। जीआरपी थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज का कहना है कि घटनास्थल अलग-अलग जगह के है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
