थाना पूंछ इलाके में हाईवे पर बने डिवाइडर के बीच में काम कर रहे टोलकर्मियों को रोडवेज बस ने रौंद दिया। जिसमें मौके पर ही एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं। सभी को उपचार के अस्पताल भेजा गया है। बताया गया कि चालक मोबाइल से बात कर रहा था जिस वजह से हादसा हो गया।
खनिज बैरियर के पास करीब 4 बजे टोल कर्मचारी डिवाइडर के बीचोबीच काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार रोडवेज बस मजदूर को रौंदते हुए निकल गई। जिसकी चपेट में आने से महिला मजदूर की मौत और तीन मजदूर घायल हो गये। सवारियों ने बताया कि चालक मोबाइल पर बात करते हुए किसी को नंबर बता रहा था। जिससे उसका ध्यान भटक गया और हादसा हो गया। मृतका 58 वर्षीय पान कुंवर जालौन के एट की निवासी बताई गई है। थाना एट के ग्राम इगुई निवासी हरगोविंद, ग्राम बिलैया निवासी गुड्डी तथा एट निवासी हरिबाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मोठ सीएचसी भेजा। जहां उनकी हालत देखते हुए चिकित्सकों ने झांसी मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
मौके से चालक फरार हो गया है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।