बैंकाक निवासी एनआरआई कारोबारी हरीश चंद्र लाखी के कंप्यूटर को हैक करके उसका अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे साइबर जालसाज बबीना कैंट निवासी नितिन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने डेटा वापस करने के लिए कारोबारी से 25 लाख रुपये कीमत के बिटक्वाइन की फिरौती मांगी थी। कारोबारी फिरौती देने झांसी भी आया लेकिन, वह पहले पुलिस के पास जा पहुंचा। पुलिस ने सुराग लगाकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके अन्य तीन साथियों को पुलिस तलाश रही है।
साइबर थाना प्रभारी अरविंद कुमार के मुताबिक मूल रूप से जयपुर निवासी हरीश चंद्र लाखी पिछले तीस साल से परिवार के साथ बैंकाक में रहते हैं। 21 अगस्त 2025 को बबीना निवासी नितिन कुमार ने हरीश से संपर्क उनके परिजनों के अश्लील वीडियो भेजे। यह देखकर हरीश सहम उठे। नितिन ने इसे वायरल करने की धमकी देते हुए आठ लाख रुपये की मांग की। इसके बाद से लगातार रुपयों की मांग करने लगा। पैसा न देने पर परिवार के सदस्यों को सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देने लगा। अपने दोस्तों की मदद से अंतरराष्ट्रीय नंबर से फोन करके भी धमकाता था। आरोपी ने उसके कंप्यूटर को हैक करके एआई से अश्लील वीडियो बना लिया। उनको वायरल करने की धमकी देता था। इसके एवज में नितिन ने उससे 0.34 बिटक्वाइन (25 लाख) की मांग की। रोजाना धमकी मिलने से हरीश परेशान हो उठे। नितिन के बुलावे पर वह उसे बिटक्वाइन देकर अपने सामने वीडियो मिटाने एवं डिस्क वापस लेने के लिए दो दिन पहले झांसी पहुंचे।
यहां आने के बाद उन्होंने आरोपी के खिलाफ शिकायत करने का निर्णय लिया। साइबर थाना पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने नितिन समेत उसके दोस्त अली, शाकिर एवं इरफान के खिलाफ मामला दर्ज करके तलाश शुरू कर दी। नंबरों की पड़ताल करने पर साइबर पुलिस को नितिन का सुराग लग गया। शुक्रवार को घर में दबिश देकर नितिन को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने दो पासपोर्ट, थाईलैंड का सिम आदि बरामद किया है। पुलिस टीम में निरीक्षक प्रवीण कुमार, संदीप तोमर, उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।
