आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में झांसी के कई विभाग फेल हो रहे हैं। स्थिति ये है कि झांसी की रैंकिंग में भी बहुत अधिक सुधार नहीं हो रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय से फीडबैक लेने पर कई विभागों में तो शत-प्रतिशत शिकायतकर्ता असंतुष्ट मिल रहे हैं। अब जिला प्रशासन ने अफसरों की परीक्षा कराकर नकेल कसी है। हालांकि, इसका असर कितना होगा ये जनवरी माह की रिपोर्ट में ही पता चल सकेगा।

नवंबर में झांसी को था प्रदेश में 32वां स्थान

शासन की ओर से जारी नवंबर की रिपोर्ट में झांसी को प्रदेश में 32वां स्थान मिला था। सीएम ऑफिस की ओर से लिए गए 2013 फीडबैक में 682 शिकायतकर्ता असंतुष्ट मिले थे। 17 विभाग तो ऐसे थे, जिनके सभी फीडबैक असंतोषजनक मिले थे। 34 विभाग ऐसे थे, जिनका 50 से 88 प्रतिशत तक फीडबैक असंतोषजनक मिला। सिर्फ 27 विभागों का ही प्रदर्शन बेहतर रहा था। वहीं, दिसंबर की रिपोर्ट में आईजीआरएस रैंकिंग में बहुत ज्यादा सुधार नहीं दिखा। सिर्फ एक पायदान रैंकिंग सुधरी लेकिन शासन स्तर से लिए गए 1721 फीडबैक में हर तीसरा शिकायतकर्ता असंतुष्ट मिला था। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के बाद फीडबैक में लचर स्थिति सामने आने पर अब जिला प्रशासन ने सक्रियता दिखाई है।

पूछे गए 25 बहुविकल्पीय प्रश्न

कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को आईजीआरएस, सीएम, डीएम, तहसील समेत अन्य संदर्भों की प्राप्त शिकायतों/प्रकरणों का निस्तारण गुणवत्तापरक करने के संबंध में अधिकारियों की लिखित परीक्षा हुुई। डीएम मृदुल चौधरी के निर्देश पर हुई परीक्षा में 25 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। हर प्रश्न दो अंक का था।

10 सर्वश्रेष्ठ और 10 फिसड्डी अफसरों के नाम पोर्टल पर दिखेंगे

डीएम ने कहा कि परीक्षा का उद्देश्य शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाना है। आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करके रिपोर्ट को पोर्टल पर अपलोड करने पर ही जिले की रैंकिंग में सुधार होगा। मूल्यांकन प्रपत्र की जांच के बाद 10 सर्वश्रेष्ठ और 10 फिसड्डी अधिकारियों के नाम पोर्टल पर प्रचारित किए जाएंगे। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए एडीएम नमामि गंगे योगेंद्र कुमार समेत टीम को निरीक्षक बनाया गया। इस दौरान एएसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय, एडीएम न्याय एके गौड़, जेडीए सचिव उपमा पांडेय, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, डीडीओ सुनील कुमार, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें