स्वयं सहायता समूह की महिलाएं दो स्थानों पर एलईडी बल्ब तैयार कर रही हैं। खास बात यह है कि वे बाजार से कम कीमत पर लोगों को बल्ब उपलब्ध करा रही हैं। इस बार प्रशासन की ओर से महिलाओं को दीपावली पर मंच प्रदान किया गया था जहां अच्छी खासी कमाई हुई।
एक बल्ब बनाने में लगते है 10 मिनट
सिलाई, खाद्य उत्पाद, रिफाइंड व सरसों का तेल के साथ गोबर पेंट बनाकर स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कमाई कर रही हैं। अब कुछ महिलाओं ने लीक से हटकर काम शुरू किया है। चिरगांव की जय मां रतनगढ़ और सिमरावारी की मां पीतांबरा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने एलईडी बनाने का काम शुरू किया। चिरगांव ब्लॉक की बीएमएम कल्पना ने बताया कि एक बल्ब बनाने में लगभग 10 मिनट लगता है। दोनों स्थानों की 24 महिलाओं ने प्रशिक्षण लेने के बाद इस काम को शुरू किया। इन बल्ब की कीमत करीब 50 रुपये रखी गई है। दीपावली पर महिलाएं अपनी आय बढ़ा सकें, इसके लिए प्रशासन ने बीकेडी में प्रदर्शनी आयोजित कराई थी।