बुंदेलखंड एक्सप्रेस के एसी कोच में रविवार सुबह दो महिला यात्रियों के सामान चोरी हो गए। जीआरपी ने 12 घंटे के अंदर चोरी का पूरा माल बरामद कर चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पकड़ा गया शातिर खुद को कोच अटेंडेंट बता रहा था और उसके पास से फर्जी वेंडर आईकार्ड बरामद हुआ है। जीआरपी पकड़े गए चोर से पूछताछ कर रही है।
वाराणसी से चलकर ग्वालियर जा रही बुंदेलखंड एक्सप्रेस (11108) के एसी कोच ए-1 की सीट नंबर 37 एवं 39 पर सीपरी बाजार के लहरगिर्द निवासी महिला यात्री सीमा सान्याल बेटी के साथ यात्रा कर रही थीं। रास्ते में सीमा का पर्स चोरी होने से हंगामा मच गया। पर्स में दो मोबाइल फोन के अलावा सात हजार रुपये नगद व आईकार्ड आदि रखे थे। महिला यात्री ने झांसी आकर इसकी शिकायत जीआरपी से की।
जीआरपी प्रभारी रामेंद्र कुमार मिश्रा ने तत्काल सीसीटीवी कैमरे व मोबाइल सर्विलांस पर लेकर चोर की तलाश शुरू कराई। इसी बीच चोर की लोकेशन पाकर जीआरपी ने स्टेशन के ओवरब्रिज के नीचे बैठे युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से महिला यात्री के दोनों मोबाइल, नगदी व आईकार्ड बरामद कर लिए। वहीं, आरोपी के पास से मिले तीसरे मोबाइल फोन की छानबीन में पता चला कि उक्त मोबाइल ए-2 कोच में वाराणसी से ग्वालियर जा रही मोनिका मिश्रा का है। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि शातिर बांदा के गांव भुजरट तिंदवारी निवासी चंद्रभान शुक्ला है।
