रस्साकशी में अव्वल रहने वाली अतर्रा पीजी कॉलेज बांदा की 11 सदस्यीय टीम केरल में होने वाली अंतरराज्यीय विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए शुक्रवार को रवाना नहीं हो सकी। समय रहते जरूरी औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण छात्राओं की ट्रेन छूट गई, जिससे वे आक्रोशित हो उठीं और उन्होंने स्पोर्ट्स ऑफिसर पर गंभीर आरोप लगाए। काफी जद्दोजहद के बाद टीम अब शनिवार को रवाना होगी।
छात्राओं का आरोप- फोटो खिंचवाने जैसी प्रक्रियाओं में निकालते रहे समय
अतर्रा पीजी कॉलेज की छात्राओं की टीम ने रस्साकशी में अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया था। इस टीम को छह अप्रैल से केरल में होने वाली आयोजित अंतरराज्यीय विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में भाग लेना है। स्पोर्ट्स ऑफिसर के मुताबिक इन खिलाड़ियों को 8 अप्रैल को होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेना है। इसके लिए शुक्रवार दोपहर 12 बजे की ट्रेन से केरल रवाना होना था। छात्राओं के अनुसार, वे सुबह 10 बजे ही विश्वविद्यालय स्थित स्पोर्ट्स ऑफिसर के कार्यालय पहुंच गई थीं, लेकिन संबंधित अधिकारी 11 बजे पहुंचे और उसके बाद कागजी औपचारिकताएं शुरू की गईं। इस दौरान पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों के लिए फोटो खिंचवाने जैसी प्रक्रियाओं में समय निकलता रहा। छात्राओं ने कई बार ट्रेन का समय नजदीक होने की जानकारी दी, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। परिणामस्वरूप टीम समय पर रेलवे स्टेशन नहीं पहुंच सकी और ट्रेन छूट गई।
नाराज छात्राओं ने किया विरोध प्रदर्शन
ट्रेन छूटने के बाद नाराज छात्राओं ने विश्वविद्यालय में विरोध प्रदर्शन किया और स्पोर्ट्स ऑफिसर पर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने समस्या को लेकर शिकायत की थी, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इस बीच कई छात्र नेता भी टीम को समय पर भेजने के लिए स्पोर्ट्स ऑफिसर पर दबाव बनाने लगे। वहीं, स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. सूरजपाल कंसाना ने आरोपों से इन्कार करते हुए कहा कि 11 बजे तक टीम से संबंधित सभी कार्य पूरे कर लिए गए थे। इस दौरान एक युवक से विवाद की स्थिति बन गई, जिससे देरी हुई और ट्रेन छूट गई।
कुलसचिव ने दिए जांच के आदेश
मामले की जानकारी मिलते ही कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने छात्राओं को विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में ठहराने की व्यवस्था कराई और शनिवार के लिए ट्रेन में आरक्षण कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि टीम को केरल के लिए सुरक्षित रवाना किया जाएगा। कुलसचिव ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि स्पोर्ट्स ऑफिसर की लापरवाही सामने आई तो कार्रवाई की जाएगी।
विरोध करतीं छात्राएं…
