परिजनों ने जबरन शादी का दबाव बनाया तो किशोरी नाराज होकर घर से भाग निकली। पुष्पक एक्सप्रेस में टीटीई ने जब लावारिस हाल में किशोरी को देखा तो झांसी आकर आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया। आरपीएफ ने किशोरी के परिजनों से संपर्क कर उसे चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया है।
लखनऊ से चलकर मुम्बई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस (12533) के कोच नंबर एस-1 में तैनात टीटीई बीएल मीणा ने चेकिंग के दौरान 16 साल की किशोरी को लावारिस हालत में घूमते हुआ देखा। संदेह होने पर किशोरी से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह बहराइच के गांव मझरा थाना मोतीपुरा की रहने वाली है। किशोरी ने बताया कि उसके माता-पिता जबरन उसकी शादी कराना चाहते थे, जबकि वह इसका विरोध कर रही थी। परिजन मानने को तैयार नहीं हुए तो वह बिना बताए घर से भाग आई। टीटीई ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। ट्रेन के झांसी पहुंचने पर डिप्टी सीटीआई के साथ आरपीएफ फोर्स कोच में पहुंचा व किशोरी को आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ स्टेशन प्रभारी विकास पंचोली ने बताया कि बहराइच से एक किशोरी पुष्पक एक्सप्रेस से भागकर जा रही थी। टीटीई ने उसे आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद आरपीएफ ने परिजनों से संपर्क कर किशोरी को चाइल्ड लाइन भेज दिया है।
