सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट स्थित डीएसए क्रिकेट स्टेडियम में नवीन फ्लड लाइट्स के निर्माण का मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने शिलान्यास किया। यह कार्य चार करोड़ की लागत से कराया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद मैदान पर डे-नाइट मैच खेले जा सकेंगे।
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद खिलाड़ियों को स्टेडियम में आधुनिक सुविधाओं के साथ मैच खेलने व देखने का अवसर प्राप्त होगा। साथ ही क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। इसका निर्माण इस तरह किया जा रहा है ताकि भविष्य में यहां बीसीसीआई की तरफ से संचालित विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताएं व रणजी ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट आयोजित कराए जा सकें। यह मैदान रेलवे स्टेशन से मात्र 300 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे बाहर से आने वाले खिलाड़ियों को भी काफी सुविधा होगी।
35 मीटर ऊंची होंगी फ्लड लाइट्स
अपर मंडल रेल प्रबंधक व मंडल खेल अधिकारी नंदीश शुक्ल ने बताया कि स्टेडियम में लगभग चार करोड़ की लागत से कार्य किया जा रहा है। नवीन फ्लड लाइट्स 35 मीटर ऊंचे होंगे। मैदान पर कुल छह फ्लड लाइट लगाई जाएंगी। पूरे मैदान में राष्ट्रीय स्तर के मैच में दी जाने वाली रोशनी उपलब्ध होगी, जिससे डे-नाइट मैच खेले जा सकेंगे। भूमि पूजन कार्यक्रम में एडीआरएम व मंडल खेलकूद अधिकारी नंदीश शुक्ल, प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मण्डल विद्युत अभियंता अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक सत्य साधन सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलिकॉम इंजीनियर नरेंद्र सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
फुटबॉल ग्राउंड के नवीनीकरण के लिए 1.30 करोड़ स्वीकृत
डीएसए फुटबॉल मैदान के नवीनीकरण के लिए रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड नई दिल्ली को एक प्रस्ताव भेजा गया था। इसके लिए रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड ने 1.30 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी है। निर्माण जल्द ही प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके अलावा रेलवे कर्मचारी व खिलाड़ियों के लिए एक आधुनिक स्वीमिंग पूल का निर्माण भी जल्द ही शुरू होगा। इन सुविधाओं के हो जाने से न केवल झांसी, बल्कि पूरे बुंदेलखंड के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों के लिए बुनियादी ढांचा मिलेगा।
