बबीना-झांसी मुख्य मार्ग पर खैलार के पास सोमवार को सड़क हादसे में एक जवान की जान चली गई। बताया गया कि झांसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने सेना के एक ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सेना का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन तेज रफ्तार में था और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। खैलार के पास अचानक पिकअप अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे सेना के ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए और घायल जवान को बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी भेजा गया। जहां पर उपचार के दौरान जवान ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सेना के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
