बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र विभाग की प्रोफेसर राधिका चौधरी के दंत चिकित्सक पति डाॅ. नीरज कुरील ने सोमवार दोपहर घर में फंदा लगाकर जान दे दी। उस दौरान पत्नी विश्वविद्यालय गई थी। परिजनों का कहना है कि वह काफी समय से लीवर संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। इस तनाव में सुसाइड करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आगे भी जांच कर रही है।
डॉ. नीरज पत्नी प्रो. राधिका चौधरी के साथ बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में बने आवासीय भवन में रहते थे। वह मेडिकल कॉलेज के पास शालू डेंटल क्लीनिक संचालित करते थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि डॉ. नीरज ने सुबह परिवार के साथ नाश्ता किया। दोनों बच्चे स्कूल चले गए। सुबह लगभग 9 बजे पत्नी प्रो. राधिका भी ड्यूटी चली गईं। घर पर डॉ. नीरज अकेले थे। कुछ देर बाद घर में काम के लिए सहायिका पहुंची। काफी देर तक घंटी बजाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। उसने यह बात पड़ोसियों को बताई। उन लोगों ने प्रो. राधिका को बुला लिया। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद गेट की जाली तोड़कर लोग अंदर घुसे। यहां पहले कमरे में ही पंखे के सहारे उनका शव लटका था। यह देख पत्नी चीखकर बेहोश हो गईं। सूचना पर नवाबाद पुलिस भी पहुंच गई। फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का कहना है कि सुसाइड करने की साफ वजह मालूम नहीं चल सकी। हालांकि परिजनों ने बीमारी की वजह से उनके परेशान रहने की बात बताई है। मामले की आगे भी जांच की जा रही है।
आवासीय कैंपस में आठ माह के भीतर दूसरी घटना
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में आठ माह के भीतर सुसाइड की दूसरी घटना सामने आई है। इसके पहले जुलाई में बीयू से बर्खास्त अवर अभियंता अंबरीश गौतम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनके परिजनों ने 200 करोड़ रुपये के घोटाले मामले को दबाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन के कुछ लोगों पर साजिश रचते हुए हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया था। अभी इस मामले की जांच पूरी नहीं हो सकी। वहीं, अब बीयू परिसर के भीतर प्रोफेसर पति ने भी सुसाइड कर लिया।
चंद घंटे पहले परिवार के साथ पार्टी करके लौटे थे नीरज
नीरज के सुसाइड करने से पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों का कहना है कि वह लोग उनके इस आत्मघाती कदम को भांप ही नहीं सके। रविवार रात पूरे परिवार के साथ बर्थ-डे पार्टी में शामिल होने गए थे। पार्टी में वह काफी खुश दिख रहे थे। पार्टी से लौटकर कमरे में चले गए। परिजनों का कहना है कि नीरज अपने पिता के काफी करीब थे। उनके पिता जीएल कुरील यूपी पुलिस में दरोगा पद से रिटायर हुए थे। प्रेमनगर, रक्सा, नवाबाद, कोतवाली समेत कई थानों में तैनात रहे। दो साल पहले ही उनकी मौत हुई थी। इससे भी नीरज दुखी रहते थे। नीरज के दोनों बच्चे अभी छोटे हैं। बेटा नैतिक 9वीं जबकि बेटी यशिका चौथी में पढ़ती है। घटना के बाद परिजनों ने उनको स्कूल से बुला लिया। डॉ. नीरज दो भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़ा भाई आईटीबीपी में है।
