वार्ड 15 गरियागांव के कई मोहल्लों में सड़कें अभी भी कच्ची हैं। प्रेमनगर थाना से नहर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर भी जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। हरदौल मंदिर के पीछे नाला न बनने से खेतों में गंदा पानी भरा रहता है। यहां पर लोगों ने कचरा फेंकना भी शुरू कर दिया। कई जगहों पर नालियों पर ड्रेन कवर तक नहीं हैं।
गरियागांव वार्ड की आबादी लगभग 40 हजार है। यहां आजादपुरा, गरियागांव, कृष्णा नगर कॉलोनी, राजघाट कॉलोनी, बुद्ध विहार आदि प्रमुख इलाके हैं। खेरा इलाके में अवैध टैक्सी स्टैंड बना रहने से आड़े-तिरछे ऑटो खड़े रहते हैं। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। वार्ड में नगर निगम की काफी जमीन है। कई जगह पर कब्जे हो गए हैं। नगर निगम प्रशासन के पास भी स्थानीय पार्षद और आमजन ने कब्जे की शिकायत की हुई है मगर निगम प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
बुद्ध विहार समेत कई जगहों पर वर्षों से लोग कच्ची सड़क के पक्के होने का इंतजार कर रहे हैं। खासकर बारिश के दिनों में यहां जलभराव होने से फिसलन हो जाती है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
पार्षद बोले- यह विकास कार्य कराए
ढाई साल में पांच किलोमीटर सड़कें बनवाईं।
100 पोल समेत 150 स्ट्रीट लाइटें लगवाईं।
सात हाईमास्ट और छह सोलर लाइटें लगीं।
बुद्ध विहार में नाले का निर्माण भी करवाया।
