नगर निगम में इसी महीने 154 वाहन जीपीएस से लैस होंगे। ऐसे में तेल का खेल करने में कोई गुंजाइश नहीं रहेगी। निविदा प्रक्रिया पूरी हो गई है। मानकों पर खरा उतरने के बाद एक फर्म को जल्द ही वर्कऑर्डर जारी किया जाएगा।
नगर निगम में हाल ही में वाहनों के खर्च में काफी गिरावट दर्ज हुई है। नगर आयुक्त की सख्ती के बाद दो महीने में ही डीजल का खर्च 40 फीसदी घट गया है। आगे किसी तरह से तेल का खेल न हो सके, इसलिए वाहनों में जीपीएस लगवाया जा रहा है। बताया गया कि जीपीएस वाहनों के डैशबोर्ड के अंदर लगाया जाएगा। ऐसे में किसी भी तरह से गड़बड़ी नहीं हो सकेगी। इसके अलावा कोई जानबूझकर जीपीएस को खराब करेगा तो उसका अलर्ट मिल जाएगा। साथ ही ये भी पता चलेगा कि वाहन कितनी देर चला और कितनी देर रुका रहा। ऐसे में डीजल खर्च का औसत भी निकल सकेगा। नगर आयुक्त आकांक्षा राणा ने बताया कि नगर निगम परिसर में बने आईसीसीसी से जीपीएस जुड़ा रहेगा। ऐसे में वाहनों की लोकेशन पता चलती रहेगी। इस महीने के अंत तक सभी वाहनों में जीपीएस डिवाइस लगा दी जाएगी।
