नगर निगम में रोड गैंग की तैनाती की जाएगी। इसके बाद महानगर में मरम्मत के कार्यों में देरी नहीं होगी। निगम के स्टोर में सीमेंट, बालू, सरिया समेत सभी जरूरी सामान का भंडार किया जाएगा। सूचना पर रोजाना टीम मौके पर जाकर टूट-फूट की मरम्मत करेगी। 60 वार्डों में पार्षद, आमजन और आईजीआरएस द्वारा जगह-जगह क्षतिग्रस्त जालों, नालियों और पुलियों की मरम्मत की मांगें लगातार आती रहती हैं।
नगर आयुक्त आकांक्षा राणा ने बताया कि अब कुशल सुपरवाइजर, मिस्त्री, बेलदार और वेल्डरों की तैनाती के लिए एसओपी यानी कार्यवृत्ति का गठन किया गया है। नगर निगम सीमांतर्गत नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की ओर से उनके क्षेत्र में आकस्मिक और जरूरी कार्यों का समाधान इस रोड गैंग के जरिये जल्द कराया जाना संभव हो पाएगा। मुख्य अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि डूडा 12 सदस्यों का चयन करके सूची देगा। इसके बाद रोजाना मरम्मत के काम होंगे। मस्टर रोल के हिसाब से रोड गैंग के सदस्यों को शुल्क का भुगतान किया जाएगा।
