वार्ड 40 आजादगंज में पाइपलाइन तो डाल दी लेकिन मसीहागंज इलाके में पानी नहीं आ रहा है। दूसरी तरफ सड़क भी खोदकर डाल दी गई है। गड्ढे होने से लोग चोटिल हो रहे हैं। इसके अलावा वार्ड में बारिश में नाला उफनाने से घरों में पानी भी घुस जाता है।
इस वार्ड की आबादी लगभग सात हजार है। वार्ड में आजादगंज, मसीहागंज, ताज कंपाउंड का कुछ हिस्सा, बालाजीपुरम इलाके आते हैं। यहां सबसे बड़ी समस्या पानी की है। गर्मियों में टैंकर से पेयजल आपूर्ति करानी पड़ती है। इसके अलावा पानी और गैस लाइन डालने के बाद कई जगह सड़कें खोदकर डाली दी गई हैं। उनकी सही से मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे लोगों को बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद ने बताया कि वार्ड में सफाई कर्मचारियों की भी कमी है। इससे सफाई व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
पार्षद बोले- यह विकास कार्य हुए
वार्ड में डेढ़ किलोमीटर की सड़कें बनीं।
पोल समेत 50 स्ट्रीट लाइटें लगवाईं।
पांच हाईमास्ट, 10 सोलर लाइटें लगी।
चंद्रशेखर पार्क का निर्माण करवाया गया।
सब्जी मंडी के पीछे व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स स्वीकृत।
यह बोले क्षेत्रवासी
जग्गा का हाता मोहल्ले में एक साल पहले पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदी थी। आधी सड़क बनाई ही नहीं है। लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। – गीता कुशवाहा।
मसीहागंज में हर बार बारिश के दौरान नाला उफना जाता है और घरों में पानी घुस जाता है। सही से सफाई नहीं होती। अभी भी नाला गंदगी से पटा पड़ा है। – उमा गुप्ता।
जग्गा का हाता क्षेत्र में नाले की पुलिया टूटी हुई है। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है। आने-जाने में लोगों को बहुत परेशानी होती है। सड़क भी खस्ताहाल है। – सुशीला।
मसीहागंज में पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदी। उसके बाद लाइन डाल दी। लेकिन अब सालभर से कनेक्शन ही नहीं दिया है। पानी की दिक्कत होती है। – रजनी गुप्ता।
इन्होंने यह कहा
महानगर में खोदी गई सड़कों को लेकर जल निगम, सीयूजीएल और नगर निगम मिलकर संयुक्त सर्वे करवा रहा है। दो-तीन दिन में इसकी रिपोर्ट आ जाएगी। सड़कों की फोटो भी मांगी गई है। उसके बाद जिन भी सड़कों की मानक अनुसार मरम्मत नहीं हुई है, उसे दुरुस्त करवाया जाएगा। – आकांक्षा राणा, नगर आयुक्त।
पिछले ढाई वर्षों में वार्ड में काफी काम कराया गया है। अभी वार्ड में कई सड़कें, नाली, पुलिया की मरम्मत अथवा नव निर्माण की जरूरत है। इसके लिए नगर निगम में प्रस्ताव दे रखा है। बजट प्राप्त होते ही बकाया निर्माण कराया जाएगा। – बालस्वरूप साहू, पार्षद, वार्ड-40
वार्ड के हाल बताती निवासी महिला…
