शनिवार की शाम पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम महाराजगंज ढेरी में घर के बाहर खेल रहे छह वर्षीय बच्चे को नौसिखिया चालक ने कार से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन मोंठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
ग्राम महाराजगंज ढेरी निवासी मातादीन वंशकार के पुत्र महेंद्र का छह वर्षीय बेटा देव शनिवार शाम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले का ही एक व्यक्ति, जिसे हाल ही में शादी में ससुराल पक्ष से कार मिली थी, गाड़ी चलाना सीख रहा था। वाहन चलाने का अनुभव न होने के कारण उसने नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर खेल रहे बच्चे को रौंद दिया। देव गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन परिजन और ग्रामीण उसे मोंठ अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी पूंछ वेद प्रकाश पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि टक्कर मारने वाला आरोपी चालक भाग गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
