पीएनजीधारकों को अब अपने सिलिंडर को सरेंडर करना होगा। पीएनजी की निर्बाध आपूर्ति और सिलिंडर की किल्लत को लेकर यह निर्णय लिया गया है। ईकेवाईसी कराने के बाद ऐसे ग्राहकोंं को सिलिंडर लौटाने होंगे, जिनके पास पीएनजी कनेक्शन है।
सीयूजीएल की ओर से महानगर के कई इलाके सीपरी बाजार के नंदनपुरा, आवास विकास, केके पुरी, मसीहागंज, साहनी विहार सहित अन्य इलाकोंं में लोगों को पीएनजी के माध्यम से गैस की आपूर्ति कराई जा रही है। सीयूजीएल के अधिकारी प्रक्षय तिवारी ने बताया कि कनेक्शनधारकों को रोजाना करीब आठ हजार किलो गैस की आपूर्ति की जाती है। गुजरात से आने वाली प्रेशर लाइन से निर्बाध आपूर्ति की जा रही है। महानगर में करीब 15000 लोगों के पास पीएनजी कनेक्शन है।
रसबहार कॉलोनी निवासी आलोक सिंह ने बताया कि सिलिंडर की भले ही किल्लत हो पर पीएनजी की कोई किल्लत नहीं है। उन्हें बगैर किसी समस्या के आपूर्ति की जा रही है। वहीं, गृहिणी मनीषा ने बताया कि पीएनजी कनेक्शन के साथ उनके पास सिलिंडर हैं। गैस आपूर्ति में हो रही दिक्कत को लेकर उन्होंने आपात स्थित में सिलिंडर बुक करा रखा है।
