पीएम फसल बीमा योजना रबी 2024 सीजन में सरकारी खजाने को जमकर चपत लगाने का खेल खेला गया। एक आराजी के सहारे आठ से नौ बीमा क्लेम कर लाखों रुपयों का गबन हुआ। खास बात यह कि यह पैसा जालौन, उरई, कोंच एवं हरदोई में खुले बैंक खातों में भेजा गया। इससे पूरे फर्जीवाड़े के पीछे किसी एक गिरोह का ही हाथ होने का संकेत मिल रहा है।
अमर उजाला ने किसानों को फसल नुकसान के एवज में भरपाई करने के दावे के साथ शुरू हुई बीमा फसल बीमा योजना में करोड़ों रुपये के भंडाफोड़ किया था। इस मामले में रोजाना ही नई परतें सामने आ रही हैं। पीएम बीमा पोर्टल की पड़ताल के बाद अब यह बात सामने आई है कि रबी सीजन 2024 के दौरान बीमा का लाखों रुपये का क्लेम फर्जी तरीके से हड़पने के लिए एक ही आराजी का कई बार इस्तेमाल किया गया। बबीना ब्लॉक के गगौनी गांव में खतौनी संख्या 529 पर नौ लोगों ने बीमा कराकर लाखों रुपये डकार लिए। इसका पूरा पैसा उरई स्थित बैंक खाते में भेजा गया। इसी गांव में खतौनी संख्या 4188 पर नंद किशोर के नाम से बीमा हुआ। नंद किशोर को 53987 रुपये का क्लेम दिया गया जबकि फर्जीवाड़ा करके अलग-अलग गाटा दिखाकर भी यहां रकम हड़पी गई। इसी तरह खतौनी संख्या 107 पर पवन कुमार नायक एवं ऊषा देवी नाम से दो अलग-अलग क्लेम के जरिये ढाई लाख रुपये हड़प लिए गए। यहां खतौनी संख्या 411 पर दो लोगों ने क्लेम भरकर चार लाख रुपये हड़प लिए।
चिरगांव के पडारी गांव में भी यही खेल हुआ। यहां खतौनी संख्या 1004 पर चार लोगों ने बीमा क्लेम ले लिया जबकि आराजी संख्या 1007 नंबर पर पांच लोगों को बीमा की रकम दे दी गई। खतौनी संख्या 3299 पर यहां पर सरमन देवी नामक महिला का फसल बीमा कराया गया जबकि इसी नंबर पर तीन अन्य लोगों ने भी बीमा की रकम हड़प ली। मजे की बात यह कि सरमन देवी को दूसरी फसल पर दिया गया जबकि अन्य दो को मटर एवं मसूर के नुकसान पर पैसा दिया गया। उपनिदेशक (कृषि) एमपी सिंह का कहना है कि अभी इस मामले में जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सही बात सामने आ सकेगी।
जालसाजों ने इस कदर फर्जीवाड़ा किया कि आराजी के वास्तविक किसान को फसल नुकसान की भरपाई नहीं हुई जबकि फर्जीवाड़ा करके आराजी भरने वाले जालसाज के खाते में लाखों रुपये क्लेम के पहुंच गए। घाट लहचूरा गांव के आराजी संख्या 1269 में वास्तविक किसान का प्रीमियम बैंक से कटा लेकिन, उसे इस आराजी पर फसल नुकसान का पैसा नहीं मिला जबकि जनसुविधा केंद्र से इसी आराजी पर कराए गए क्लेम का लाखों रुपया पहुंच गया। खतौनी संख्या 266 पर भी छह लोगों ने अलग-अलग बीमा कराया।
चरखारी के बैंक में गया सांसद के रिश्तेदारों के नाम का क्लेम
सांसद अनुराग शर्मा के नयागांव स्थित जमीन (खतौनी संख्या 701) पर भी जालसाजों ने बीमा क्लेम हड़प लिया। यह पैसा शिवकुमार और पूनम देवी ने खाते स्टेट बैंक ऑफ इंडिया चरखारी एवं बैंक ऑफ बड़ौदा, चरखारी में जमा हुए। नया गांव में फर्जीवाड़े में उजागर हुई चालीस पॉलिसी में 31 के बैंक खाते जालौन के लगे हैं। झांसी जिले में फर्जीवाड़ा के बाद जिनके खातों में पैसा पहुंचा, उनमें पचास फीसदी से अधिक खाते जालौन के निकले।
