पश्चिमी विक्षोभ के चलते झांसी में मंगलवार को सुबह से बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरू होने लगी। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में आसमान साफ हो जाएगा और तापमान में इजाफा होने से ठंड से राहत मिलेगी। हालांकि 10 फरवरी को फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात में भी मऊरानीपुर समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश हुई। इसके अलावा बादल भी छाए रहने से न्यूनतम तापमान बढ़कर 12.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो कि सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। प्रदेश में झांसी का न्यूनतम पारा सबसे ज्यादा रहा। वहीं, दिन का तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि 1.4 डिग्री कम रहा। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में ये बदलाव देखने को मिला है। अब बुधवार को भी बारिश हो सकती है। इसके बाद आसमान खुल जाएगा। एक हफ्ते बाद पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से फिर 10 फरवरी से बारिश के आसार बन सकते हैं।
