बूढ़ा रोड स्थित झांसी विकास प्राधिकरण की बेतवा विहार कॉलोनी में लिफ्ट, पार्किंग एवं स्ट्रीट लाइट की बिजली पिछले 15 दिनों से गुल है। इस वजह से न लिफ्ट चल रही है न स्ट्रीट लाइट एवं पार्किंग की लाइट जल रही है। इससे लोग परेशान हैं। दूसरे, तीसरे एवं चौथे फ्लोर में रहने वाले लोग 15 दिनों से सीढ़ियां नाप रहे हैं। स्ट्रीट लाइट न जलने से दिन ढलते ही कॉलोनी में अंधेरा छा जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जेडीए में कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
जेडीए ने बेतवा विहार में छह ब्लॉक बनाए हैं। चार मंजिलों वाले हर ब्लॉक में लिफ्ट लगवाने के लिए जेडीए ने करीब दो साल पहले फ्लैट से 95 हजार रुपये वसूले। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां 192 फ्लैट से कुल 1.82 करोड़ रुपये वसूल किए गए, लेकिन लिफ्ट के साथ बैक अप के लिए न जनरेटर लगाया गया, न लिफ्ट मैन तैनात हुआ। जितना पैसा वसूला गया, लिफ्ट की गुणवत्ता भी उस तरह की नहीं है। अब 15 दिनों से लाइट न होने से हर ब्लाॅक की लिफ्ट भी बंद है। इस वजह से दूसरी, तीसरी एवं चौथी मंजिल के लोग परेशान हैं। अधिकांश फ्लैट में बुजुर्ग रहते हैं। लिफ्ट खराब होने से वह घर से बाहर नहीं जा पा रहे हैं। बिजली न होने से स्ट्रीट लाइट एवं पार्किंग की लाइट भी नहीं जल रही है। इस वजह से कुत्तों का भी आतंक है लेकिन, जेडीए अफसरों ने कॉलोनी को उसके ही हाल पर छोड़ दिया है।
कुछ महीने में ही जगह-जगह से उखड़ने लगा रंग-रोगन
जेडीए ने लाखों रुपये खर्च करके सभी ब्लॉकों में पिछले साल ही रंग-रोगन कराया था लेकिन, अभी से इसकी कलई उधड़ने लगी है। जगह-जगह दीवारों पर पपड़ी पड़कर वह बदरंग हो रही है। सबसे बुरी दशा में पीछे के ब्लॉक में बने फ्लैटों की है। यहां के तकरीबन हर फ्लैट की बाहरी दीवार में नमी है। इस वजह से दीवारें बदरंग होती जा रही हैं।
इनका यह है कहना
करीब 15 दिनों से लिफ्ट में लाइट न होने से वह नहीं चल रही है। बाहर पार्किंग की लाइट भी बंद है। यहां अंधेरा रहता है। लिफ्ट न चलने से सभी लोग परेशान हैं। पिंकी निरंजन
लिफ्ट नहीं चल रही है। कोई वैकल्पिक इंतजाम भी नहीं है। दूसरी, तीसरी एवं चौथी मंजिल में लोग परेशान हैं। सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। -सुधा वर्मा
लिफ्ट न चलने से सबसे अधिक बुजुर्ग परेशान हैं। वह अपने फ्लैट में कैद होकर रह गए हैं। न वह नीचे आ पा रहे हैं, न ऊपर चढ़ पा रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी लिफ्ट चालू नहीं कराई गई। -कृष्ण प्रताप सिंह
लिफ्ट एवं अन्य सुविधाओं के नाम पर जेडीए ने स्थानीय लोगों से शुल्क वसूला। इसके बावजूद मानक के मुताबिक यहां लिफ्ट नहीं लगाई गई। लिफ्ट भी बंद पड़ी है। इस वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। -अशींद्र देवालिया
कुछ मरम्मत कार्य के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। इसे ठीक कराया जा रहा है। जल्द ही व्यवस्था सुचारु कराई जाएगी। आकांक्षा राणा, प्रभारी उपाध्यक्ष, जेडीए
