चचेरे भाई की शादी में शामिल होने आए युवक की बरात उठने से चंद घंटे पहले हादसे में जान चली गई। वह अपने दोस्त के साथ सामान लेने बाइक से जा रहा था, तभी दिनारा के पास तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। गहरी चोट आ जाने से युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की मौत से शादी वाले घर में रोना-पिटना मच गया। मंगलवार को परिजनों ने पहले पोस्टमार्टम कराया, उसके बाद शादी की किसी तरह से रस्म कराई।
मूल रूप से दतिया के सिकंदरा गांव निवासी शिवम रजक (24) प्राइवेट काम करता था। परिजनों ने बताया कि वह चचेरे भाई नीरज की शादी में शामिल होने पिछोर गांव आया था। मंगलवार को बरात उठनी थी। सोमवार को बरात के लिए कुछ सामान लेने बाइक से अपने दोस्त संजय के साथ बाजार गया था। वहां से लौटते समय पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। शिवम सिर के बल सड़क पर जा गिरा जबकि संजय भी लहूलुहान हो गया। पुलिस ने दोनों को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। उसी समय फलदान के लिए कन्या पक्ष के लोग भी पहुंचे थे। हादसे की बात सुनकर वे लोग वापस चले गए। शिवम परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार में मां एवं पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता कप्तान रजक भी बेटे को याद करके बिलखते रहे। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का कहना है कि हादसे में घायल युवक को भर्ती कराया गया है।
