रिसाला चुंगी से ओरछा तिगैला तक फोरलेन सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन की ओर से 37.17 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए गए हैं। जल्द ही निविदा प्रक्रिया कराकर झांसी विकास प्राधिकरण सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराएगा। ऐसे में झांसी नगर से ओरछा आना-जाना आसान हो जाएगा।
झांसी विकास प्राधिकरण ने फरवरी में शासन को इस सड़क के निर्माण का प्रस्ताव भेजा था। चूंकि, इससे पहले पीडब्ल्यूडी की ओर से भी शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा जा चुका था, मगर मंजूरी का इंतजार था। इसी बीच पीडब्ल्यूडी ने जेडीए को सड़क निर्माण के लिए एनओसी दे दी। वित्तीय वर्ष 2025-26 के समाप्ति के अंतिम दिन शासन की ओर से बजट भी जारी कर दिया गया। बताया गया कि रिसाला चुंगी से ओरछा तिगैला तक सड़क की लंबाई करीब छह किलोमीटर है। अभी ये सिंगल लेन है। यहां पर स्ट्रीट लाइटें भी न लगी होने से रात में अंधेरा हो जाता है। इससे हादसे का भी खतरा रहता है। ऐसे में फोरलेन बन जाने के बाद ओरछा, मऊरानीपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी आदि आना-जाना आसान हो जाएगा। सड़क चौड़ीकरण में विद्युत खंभे आड़े आएंगे। ऐसे में जेडीए की ओर से विद्युत विभाग को लगभग 30 लाख रुपये इन खंभों को स्थानांतरित करने के लिए दिए जाएंगे। इसके अलावा पेयजल लाइन स्थानांतरित करने के लिए जेडीए की ओर से जल निगम को लगभग तीन करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
आठ मीटर और चौड़ा हो जाएगा मार्ग
मौजूदा समय में रिसाला चुंगी से ओरछा जाने वाली सड़क महज छह मीटर चौड़ी है। जबकि, इस मार्ग से बस समेत बड़े वाहन भी गुजरते हैं। फोरलेन सड़क बनने के बाद यह मार्ग 14 मीटर चौड़ा हो जाएगा। बीच में डिवाइडर भी बनेगा।
रिसाला चुंगी से ओरछा तिगैला तक फोरलेन सड़क बनेगी। शासन की ओर से 37.17 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया गया है। जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूर्ण कराकर सड़क का काम शुरू करवाया जाएगा। – आलोक यादव, उपाध्यक्ष, जेडीए।
