थाना गुरसराय इलाके से गायब हुए बीटेक के छात्र का शव मंगलवार की सुबह तालाब में उतराता हुआ मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम सिंगार निवासी 20 वर्षीय मृदुल निरंजन 4 दिसंबर की शाम को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। वह स्कूटी लेकर घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। पिता अरविंद निरंजन ने गुरसराय पुलिस को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस तलाश में जुटी हुई थी। चार दिन बाद उसका शव मंगलवार सुबह गांव के पास सड़क किनारे पोखर तालाब में उतराता मिला। जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर थाना अध्यक्ष अमीराम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया।
स्कूटी नहीं हो सकी बरामद
मृतक एक भाई और एक बहन थे। बहन की शादी हो चुकी है जबकि मृदुल लखनऊ से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। युवक की स्कूटी अभी तक बरामद नहीं हुई है। जिस पोखर में शव मिला उसकी गहराई लगभग 35–40 फीट बताई जा रही है। गुरसराय पुलिस ने नाव, रस्सियों और गोताखोरों की मदद से स्कूटी की तलाश शुरू की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
