सात महीने बाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत बनवाई गई बहुमंजिला कार पार्किंग का ठेका उठ गया। ठेका लेने वाली फर्म यहां वाहनों की धुलाई से लेकर ईवी चार्जिंग जैसी व्यावसायिक गतिविधियां भी शुरू कर सकेगी। फर्म हर महीने स्मार्ट सिटी लिमिटेड को 6.11 लाख रुपये किराया देगी।

नुकसान होने पर कर दिया था सरेंडर

स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत 25 करोड़ रुपये खर्च करके नगर निगम के ठीक बगल में बहुमंजिला कार पार्किंग बनवाई गई है। तीसरी बार निविदा निकालने के बाद फरवरी 2025 में इसका संचालन शुरू हुआ था। लखनऊ की फर्म को लगभग साढ़े छह लाख रुपये मासिक किराये की दर पर संचालन का जिम्मा मिला था। जून में फर्म ने नुकसान होने का हवाला देकर टेंडर सरेंडर कर दिया है। इसके बाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने अनुबंध निरस्त कर दिया। उसके बाद स्मार्ट सिटी की ओर से तीन बार निविदा निकाली गई लेकिन कोई भी फर्म ठेका लेने के लिए आगे नहीं आई। फिर स्मार्ट सिटी की सीईओ आकांक्षा राणा ने इच्छुक निविदादाताओं के साथ बैठक करके सुझाव मांगे।

पांच फर्मों ने लिया था हिस्सा

इसके बाद स्मार्ट सिटी की बहुमंजिला कार पार्किंग समेत पांच परियोजनाओं के लिए अभिव्यक्ति की अभिरुचि आमंत्रित की गई। सुझाव और प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद पार्किंग के लिए निर्धारित तलों के अतिरिक्त भूतल पर बनी दुकानों और भवन की छत को शामिल करते हुए निविदा निकाली। निविदादाता को यह सुविधा दी गई कि वह पार्किंग के अलावा भवन की छत का व्यावसायिक उपयोग, कार वॉशिंग, इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग जैसी गतिविधियां भी कर सकता है। अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अनुमति लेनी पड़ेगी। तकनीकी समस्या होने पर फिर से निविदा निकाली गई, जिसमें पांच फर्मों ने हिस्सा लिया। अब ठेका लेने वाली फर्म जल्द ही पार्किंग का संचालन शुरू कर देगी।

24 दुकानों में भी शुरू होंगी व्यावसायिक गतिविधि

कार पार्किंग के भूतल पर 24 दुकानें बनी हुई हैं। ठेका लेने वाली फर्म इन दुकानों में भी व्यावसायिक गतिविधि शुरू कर सकेगी। निविदा की नई शर्तों में इसे भी शामिल किया गया था।

6.11 लाख (जीएसटी अतिरिक्त) मासिक किराये पर एक फर्म को पार्किंग के संचालन का टेंडर मिल गया। जल्द ही फर्म के साथ अनुबंध किया जाएगा। इसके बाद यहां पर पार्किंग समेत अन्य गतिविधियों का संचालन फर्म शुरू कर देगी। – आकांक्षा राणा, सीईओ, स्मार्ट सिटी लिमिटेड।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *