रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का खोजी कुत्ता ‘तूफान’ अपनी तेज सूंघने की क्षमता के कारण सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत आधार रहा। अपराधियों की गंध पहचान कर सुराग तक पहुंचना उसकी खासियत थी, जिससे उसने अपने 10 साल के सेवाकाल में कई जटिल मामलों को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। एक दशक तक निष्ठावान सेवा के बाद तूफान मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गया। विदाई समारोह के दौरान उसे चांदी का मुकुट पहनाया गया और फूल मालाओं से सम्मानित किया गया।
फूल मालाओं से स्वागत कर सलामी दी
इलाइट-चित्रा चौराहा रोड पर स्थित आरपीएफ स्वान दल कार्यालय में सहायक कमांडेंट आरपीएफ कृष्णानंद तिवारी के मुख्य आतिथ्य में तूफान काे विदाई दी गई। इस मौके पर सीआईबी प्रभारी ओम प्रकाश यादव, स्टेशन पोस्ट प्रभारी और लोको प्रभारी विकास पंचोली, इंस्पेक्टर राजकुमारी गुर्जर के अलावा अन्य स्टाफ ने मिलकर सामूहिक भोज कराया। इसके बाद अफसरों ने फूल मालाओं से स्वागत कर उसे सलामी दी। अधिकारियों ने तूफान के सेवाकाल में किए गए कार्यों की प्रशंसा की। इस मौके पर मौजूद स्टाफ भावुक हो उठा। सीआईबी प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि वर्तमान में दो खोजी कुत्ते पैंथर और ब्रूनो हैं। इनके अलावा नारकोटिक्स डॉग एलेक्स है, जिसे ट्रेनिंग पर भेजा गया है।
आगरा की स्वयंसेवी संस्था ने लिया गोद
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार तूफान ने रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और माल गोदामों में हुई कई चोरियों का खुलासा कराया। शातिर चोरों तक पहुंचने में उसकी भूमिका निर्णायक रही, जिससे जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली। सेवानिवृत्ति के बाद तूफान को आगरा की पशु प्रेमी स्वयंसेवी संस्था पीपुल्स फॉर एनिमल ने गोद लिया है, जहां अब वह सुरक्षित और स्नेहपूर्ण माहौल में आरामदायक जीवन बिताएगा। आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि तूफान केवल एक खोजी कुत्ता नहीं, बल्कि बल का सच्चा सिपाही था, जिसकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।
बैटरी व तार चोरी के मामले के खुलासे में रही अहम भूमिका
सहायक कमांडेंट आरपीएफ कृष्णानंद तिवारी ने बताया कि तूफान तेजतर्रार डॉग है। उसकी मदद से चोरी के कई छोटे व बड़े मामलों का खुलासा किया गया। ललितपुर में दो साल पहले ट्रेन के कोच से हुई 12-14 बैटरियों की चोरी के प्रकरण के खुलासे में उसने अहम भूमिका अदा की थी। उसकी सूझबूझ से आरपीएफ अपराधी के उस ठिकाने तक पहुंच सकी, जहां उसने माल छिपाकर रखा था। इसी प्रकार बबीना में सिग्नल काटकर चोरी करने के चर्चित मामले के अपराधी को भी पकड़वाने में उसने मदद की थी।
विदाई के दौरान का वीडियो…
