समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के जरिये चुनाव आयोग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए फॉर्म-7 के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने आयोग पर सांठगांठ का आरोप लगाते हुए मतदाता सूची से नाम कटवाए जाने के मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।
सपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह भोजला के नेतृत्व में हाथों में काली पट्टी बांधकर व विरोध की तख्तियां लेकर सपा कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे। घेराव करने के साथ ही उन्होंने नारेबाजी की। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में फॉर्म-7 के दुरुपयोग पर मतदाताओं के नाम काटने की शिकायत दर्ज करने के साथ दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कहा कि फॉर्म-7 देने पर शपथ पत्र अनिवार्य कराया जाए, बीएलओ द्वारा भौतिक सत्यापन एवं मतदाता की सुनवाई के बिना नाम विलोपन न हो। इस दौरान पूर्व मंत्री अजय सूद, पूर्व विधायक सतीश जतारिया, पूर्व महानगर अध्यक्ष मिर्जा करामात बेग, वरिष्ठ नेता अरविंद वशिष्ठ, विधानसभा प्रभारी शकील खान, प्रदेश सचिव महिला सभा शैलजा तिवारी, जिला उपाध्यक्ष जवाहर सिंह भूरे उपस्थित रहे। संचालन जिला महासचिव राधे लाल बौद्ध ने व आभार जिला उपाध्यक्ष अमित कुशवाहा ने व्यक्त किया।
