होली पर अगर आप घर या किसी धार्मिक स्थल पर जाने के बारे में सोच रहे हैं तो ट्रेनों के सहारे न रहें। त्योहार से पहले व बाद के कई दिनों तक प्रीमियम, सुपरफास्ट, मेल ट्रेनों में आरक्षण नहीं मिल सकेगा। एसी व स्लीपर कोचों में सीटें भर चुकी हैं। चाहे वैष्णोदेवी मंदिर हो, शिरडी के साईं बाबा या पूर्वांचल के जिलों में कहीं भी जाने के लिए ट्रेनों में सीटें खाली नहीं हैं।

होली चार मार्च को है। तमाम श्रद्धालु इस मौके पर मां वैष्णो देवी के दर्शन करने जाते हैं, लेकिन अगर आप ट्रेनों से जाने की तैयारी में है तो निराशा ही हाथ लगेगी, क्योंकि सीटें फुल हैं। इंदौर से चलकर माता वैष्णो देवी की ओर जाने वाली मालवा एक्सप्रेस की बात करें तो इसमें 25 फरवरी से लेकर आगे तक कोई सीट खाली नहीं है। वातानुकूलित कोचों में तो प्रतीक्षा सूची है ही, स्लीपर कोच में भी जगह नहीं है। यही हाल पुणे से चलकर जम्मूतवी की ओर जाने वाली झेलम एक्सप्रेस का है। इसमें भी माह के अंतिम चार दिनों में आरक्षण के लिए कोई सीट खाली नहीं है। अंडमान एक्सप्रेस में भी आरक्षण कराने के लिए सीटें नहीं हैं।

25 से 28 फरवरी तक कोई सीट खाली नहीं

रेलवे के आरक्षण कार्यालय के अनुसार मालवा एक्सप्रेस में 25 से 28 फरवरी तक वातानुकूलित श्रेणी में कोई सीट खाली नहीं है। यही हाल स्लीपर कोचों का है, इसमें 25 फरवरी को 21 वेटिंग है। आगे के दिनों में प्रतीक्षा सूची और लंबी है। यही हाल पुणे से चलकर जम्मूतवी की ओर जाने वाली झेलम एक्सप्रेस का है। 25 फरवरी से लेकर 10 मार्च तक एसी कोच में कोई सीट नहीं है। स्लीपर कोचों में इन दिनों की वेटिंग 9 से 28 तक है। अंडमान एक्सप्रेस में एसी में इन दस दिनों में एक से लेकर सात तक की प्रतीक्षा तो स्लीपर कोच में यह प्रतीक्षा 48 तक है। मां वैष्णोदेवी कटरा एक्सप्रेस में भी यही हाल है। एसी स्लीपर आदि कोचों में 10 से 50 तक की प्रतीक्षा सूची है।

शिरडी जाने वालों को भी निराशा

होली पर कुछ लोग शिरडी के साईं बाबा का भी दर्शन करने जाते हैं, लेकिन वहां जाने वाली कालका -शिरडी सुपर फास्ट ट्रेन में आरक्षण के लिए जगह नहीं है। इस गाड़ी में 25 फरवरी से चार मार्च तक एसी में तीन से आठ की प्रतीक्षा सूची है, वहीं स्लीपर में 9 से 24 की वेटिंग है। यह गाड़ी हफ्ते में दो दिन चलती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *