खाद मिलने में किसान को हो रही परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने सख्त हो गया है। अब मजिस्ट्रेट की निगरानी में गोदाम से सोसाइटी खाद भेजी जायेगी। भीड़ रोकने के लिए समिति पर ग्रामवार खाद का वितरण किया जायेगा। विकास भवन में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में किसानों को ज्यादा उपज के तरीके बताने के साथ समस्याओं का समाधान किया गया। किसानों ने रबी फसल के लिए बीज, खाद और सिंचाई का मुद्दा उठाया।

बैठक में किसानों की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वरुण कुमार पांडेय ने निर्देश दिए कि गोदामों से सोसाइटी पर जाने वाली खाद मजिस्ट्रेट की निगरानी में ही रवाना हो ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके। उन्होंने प्रातः 10 बजे से 05 बजे तक सोसायटी पर खाद बिक्री करने तथा सोसाइटी से संबंधित ग्रामों के किसानों को ग्रामवार खाद बिक्री करने के निर्देश दिए ताकि बिना किसी परेशानी के सभी किसानों को खाद मिल सके। 

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने किसानों को बताया कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक की उपलब्धता है। उन्होंने ओवररेटिंग और कालाबाजारी रोकने के लिए उर्वरक की निजी दुकानों पर छापा मारने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी दुकानों पर रेट लिस्ट लगाया जाना सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को ओवर रेटिंग से बचाया जा सके।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनहानि की सूचना तत्काल संबंधित एसडीएम को देना सुनिश्चित करें। जो भी दुर्घटना में मृतक है, उसे तत्काल 24 घंटे में आपदा राशि प्रदान की जाएगी। जितने भी बीमित किसान हैं, सभी को फसल नुकसान की 25 प्रतिशत तत्काल राशि प्राप्त होगी। शेष 75 प्रतिशत खाते में स्थानांतरित की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *