जातारा (मध्य प्रदेश) विधायक हरिशंकर खटीक ने मऊरानीपुर के कुरैंचा बांध से मिले युवक के शव को हत्या कर फेंके जाने की आशंका जताते हुए जांच की मांग की। उन्होंने यूपी एवं एमपी के मुख्यमंत्री को इस संबंध में पत्र भेजा है। हालांकि पुलिस का अभी भी कहना है कि युवक की डूबने से मौत हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हुई थी।
जतारा के भट्टपुरा मोहल्ला निवासी प्रभुदयाल चौबे के इकलौते बेटे आनंद उर्फ शिवम (27) का 31 अगस्त को कुरैंचा बांध से शव बरामद हुआ था। आनंद एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में काम करता था। 27 अगस्त को काम पर जाने के लिए घर से निकला था। इसके बाद, वह घर नहीं लौटा। उसका शव 31 अगस्त को कुरेंचा बांध से मिला।
परिजनों ने विधायक हरिशंकर से मिलकर हत्या की आशंका जाहिर की। विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच की मांग की। विधायक ने एसआईटी गठन के साथ सीडीआर खंगाले की भी मांग की। इस मामले में एसपी (आरए) डा. अरविंद कुमार का कहना है कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। युवक के डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई थी।
