बीयू को नैक-ए प्लस-प्लस और यूजीसी से ग्रेड-1 का खिताब मिला है, फिर भी कई कोर्स की सीटें भरना चुनौतीपूर्ण है। सूत्रों के अनुसार 50 फीसदी से ज्यादा खाली सीटों को भरने के लिए हर प्रयास किए जा रहे हैं, मगर विद्यार्थी रुचि नहीं ले रहे हैं।
बीयू कैंपस के 37 विभागों में स्नातक-परास्नातक के 110 पाठ्यक्रम संचालित होते हैं। सीधे और प्रवेश परीक्षा के माध्यम से इनमें दाखिले होते हैं। सीधे प्रवेश की प्रक्रिया 17 जुलाई से शुरू की गई, जबकि प्रवेश परीक्षा के माध्यम से पांच अगस्त से प्रवेश शुरू हुए। दोनों की प्रवेश की अंतिम तिथि 15 सितंबर है। आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि कैंपस के बायोकेमिस्ट्री, मास कम्युनिकेशन, फाइन आर्ट, होम साइंस, एमबीए टूरिज्म, माइक्रोबायलॉजी, बीटेक बायोमेडिकल, विज्ञान भवन में संचालित फिजिक्स, केमिस्ट्री व बायो में काफी सीटें खाली हैं।
कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बताया कि प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। समर्थ पोर्टल की खामी की वजह से दिक्कत आई थी, इसलिए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाई जाएगी। पूरी उम्मीद है कि सभी पाठ्यक्रमों की सीटें फुल हो जाएंगी।
