संवाद न्यूज एजेंसी, झांसी
Updated Sat, 08 Jul 2023 11:16 PM IST
– परिवहन निगम ने ईटीआईएम मशीन को किया अपडेट
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। परिवहन निगम यात्री सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी कर रहा है। रोडवेज बसों में परिचालकों के हाथ में मौजूद ईटीआईएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकट इंटेलिजेंस मशीन) को अपडेट किया गया है। अब अधिकारी कहीं से भी बैठकर पता कर सकते हैं कि कौन सी बस में कितने यात्री सवार हैं। किस यात्री का टिकट कहां से बनाया गया।
निगम की बसों में पहले मैनुअल टिकट की व्यवस्था थी। परिचालक अपने हाथ से काटकर टिकट देते थे। बस में कितने यात्रियों ने सफर किया, कौन से स्टैंड से कितने यात्री सवार हुए। यह सब परिचालक नोट करता था। अधिकारियों को इसकी जानकारी तब होती थी। जब स्टैंड पर बस पहुंचती और परिचालक यात्रियों के हिसाब से धनराशि जमा करता था। अब नई मशीन से टिकट काटते ही रिकॉर्ड ऑनलाइन हो जाता है। इससे अधिकारी एक क्लिक पर यह पता कर सकते हैं कि झांसी से लखनऊ, कानपुर या फिर दूसरे शहर के लिए कितने यात्री सवार हुए और कितने यात्री कौन से स्टैंड पर उतरे। बस के वापस आने से पहले उसका सारा रिकॉर्ड ऑनलाइन हो जाता है। एआरएम घनिष्टयानंद के मुताबिक टिकट का रिकॉर्ड ऑनलाइन होने से परिचालक हेरफेर नहीं कर पाएंगे।