अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी में कार्यवाहक जिलाध्यक्ष की नियुक्ति होने के बाद कांग्रेस आलाकमान और प्रदेश नेतृत्व में ठन गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष को बिना सूचना दिए कार्यवाहक जिलाध्यक्ष बनाने का आदेश जारी होने से नाराज शीर्ष नेतृत्व ने नियुक्ति रद्द कर दी। इससे पार्टी में भी हड़कंप मच गया है।
बीती 26 मई को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने बलवान सिंह यादव को झांसी का कार्यवाहक जिलाध्यक्ष नियुक्त किया था। अचानक हुए इस बदलाव से कांग्रेसी भी आश्चर्यचकित हो गए थे। माना जा रहा था कि निकाय चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहने के बाद ये बदलाव किया गया है। मगर प्रदेश अध्यक्ष ने ये नियुक्ति करते समय शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी नहीं ली। ऐसे में नियुक्ति को निरस्त कर दिया गया है। राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा कि आपने सांगठनिक प्रक्रिया को पूरा किए बिना झांसी में कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति की है। जैसे कि आप जानते हैं कि इन नियुक्तियों के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष का अनुमोदन आवश्यक है।
वर्जन..
मैं कार्यवाहक जिलाध्यक्ष के रूप में काम कर रहा हूं। शुक्रवार को मोंठ में सम्मान समारोह हुआ। अब रविवार को समथर में भी सम्मान समारोह होना है। नियुक्ति रद्द होने का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश मुख्यालय में बात की तो वहां से कहा गया कि अगर हटाया जाता है तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी आदेश जारी करेगी। – बलवान सिंह यादव।