अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सीपरी बाजार के अयोध्यापुरी कॉलोनी निवासी रिटायर्ड कृषि अधिकारी की पत्नी ने ग्वालियर रोड क्रॉसिंग के पास ट्रेन के आगे छलांग लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। उनकी मौत के बाद परिजनों कोहराम मच गया।
अयोध्यापुरी कॉलोनी निवासी लक्ष्मण पटेल उत्तराखंड में सहायक कृषि अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इन दिनों पत्नी पुष्पा (58) के साथ अयोध्यापुरी कॉलोनी में रहते थे। बेटा कुलदीप सिंचाई विभाग में जूनियर अभियंता है। इन दिनों महोबा में तैनात है। परिजनों ने पुलिस को बताया परिवार में अक्सर कलह रहती थी। इस वजह से पुष्पा तनाव में रहती थी। कुछ दिनों पहले भी घर में विवाद हुआ था। बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे पुष्पा अकेले ही घर से निकल गईं। कुछ देर बाद वह घर से थोड़ी दूर आगे ग्वालियर रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची और एक ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। सीपरी बाजार इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पांडेय के मुताबिक परिजनों से पूछताछ में सुसाइड का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
