झांसी। ग्वालियर रोड रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज की एक लेन का काम अंतिम दौर में पहुंच गया है। इसे दो अक्तूबर को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। जबकि, दूसरी लेन का निर्माण मार्च 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा।

ग्वालियर रोड रेलवे क्रॉसिंग पर डेढ़ साल पहले ओवरब्रिज का निर्माण शुरू किया गया था। इसके साथ ही शुरू हो गईं थीं आवागमन की दुश्वारियां। वाहनों को आसपास के संकरे रास्तों से जाना पड़ता है, जिससे लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं। लेकिन, इस समस्या का चार दिन बाद समाधान होने जा रहा है। दो अक्तूबर को ओवरब्रिज की एक लेन को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। ब्रिज निर्माण का काम अंतिम दौर में है। ब्रिज की दोनों ओर की सड़क पर डामर डालना ही शेष है। यह काम दो-तीन दिन के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

बुधवार को सांसद अनुराग शर्मा ने मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा, सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक मुकेश कुमार और रेलवे के सीपीएम डीपी गर्ग के साथ ब्रिज पर हो रहे कामों का जायजा लिया। इस दौरान सांसद ने सुंदरता बढ़ाने के लिए ओवरब्रिज के ऊपर तिरंगे के रंग की एलईडी लाइटें लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह काम भी जल्द पूरा कर लिया जाए।

यह भी जानें

– ब्रिज की लंबाई 994.43 मीटर है।

– ओवरब्रिज का निर्माण 10273.08 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है।

– इसकी प्रशासनिक स्वीकृति दिसम्बर 2020 में हुई थी तथा वित्तीय स्वीकृति 2021 में हुई थी I

– मार्च 2022 में शुरू किया गया था निर्माण।

– मार्च 2023 में एक लेन का पूरा होना था काम, लेकिन ये अब जाकर पूरा हो रहा है।

– इसकी दूसरी लेन का काम मार्च 2024 में पूरा होगा।

– ब्रिज पर रेलवे ने 650 टन वजनी धनुषाकार ढांचा स्थापित किया है, जो बुंदेलखंड में पहली बार किसी ब्रिज पर लगाया गया है। यह दूर से नजर आता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *