झांसी। नगर निकाय चुनाव की मतगणना शनिवार की सुबह आठ बजे शुरू होगी। सुबह 10 बजे से वार्डों के परिणाम आना शुरू हो जाएंगे। जबकि, दोपहर दो बजे तक महापौर का नाम भी सामने आ जाएगा। प्रशासनिक अमला मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
नगर निगम समेत जिले की पांच नगर पालिका व सात नगर पंचायतों के वोटों की गिनती शनिवार की सुबह आठ बजे से शुरू होगी। हालांकि, शुरुआती पौन घंटा गणना की तैयारियों में गुजरेगा। लेकिन, इसके बाद वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। नगर निगम के 60 वार्डों व महापौर के वोटों की गिनती बुंदेलखंड महाविद्यालय में 15 टेबलों पर होगी।
पहले चक्र में वार्ड नंबर एक से 15 तक के वोट गिने जाएंगे। इसका परिणाम लगभग 10 बजे आ जाएगा। इसके बाद वार्ड नंबर 16 से 30, वार्ड 31 से 45 और वार्ड नंबर 46 से 60 तक के पार्षद पद के वोट गिने जाएंगे। इसके साथ ही सभी टेबलों पर महापौर के वोट गिने जाते रहेंगे। दोपहर दो बजे तक महापौर पद पर जीत-हार का फैसला हो जाएगा।
एक नजर में..
6,57,759 मतदाता
3,53,128 पड़े वोट
53.79 मतदान प्रतिशत
13 नगर निकाय
1326 प्रत्याशी
-यहां होगी मतगणना : बुंदेलखंड महाविद्यालय, मोंठ मंडी, अग्रसेन महाविद्यालय मऊरानीपुर, श्री अखंडानंद इंटर कॉलेज गरौठा व तहसील भवन टहरौली।
-इतनी होंगी टेबल : पांचों मतगणना स्थलों पर 124 टेबलों पर गिने जाएंगे वोट।
-ऐसे होगी निगरानी : मतगणना के लिए तैनात किए गए हैं 550 कर्मचारी, 16 स्टैटिक मजिस्ट्रेट करेंगे निगरानी।
-लगेंगे कैमरे : सीसीटीवी कैमरों से लैस होंगे मतगणना स्थल, वीडियोग्राफी भी होगी।
यह भी जान लें
– मतगणना के दौरान प्रत्याशी और उनके एजेंटों को ही मतगणना स्थल पर उपस्थित रहने की होगी अनुमति।
– मतगणना के दौरान प्रत्याशी अपनी शिकायत रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष दर्ज करा सकेंगे शिकायत।
-पोलिंग पार्टियों को सुबह चार बजे पहुंचना होगा
झांसी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आरके पाल ने बताया कि 13 मई को पोलिंग पार्टियों को सुबह चार बजे कलक्ट्रेट पहुंचना होगा। यहां से सुबह 4:30 बजे उन्हें बसों से मतगणना स्थल पर ले जाया जाएगा। सभी मतदान कर्मी समय से कलक्ट्रेट पहुंचेंगे।
