शादी समारोह से होकर परिवार के सात लोगों के साथ इंटरसिटी में ग्वालियर से झांसी की तरफ आ रही थी
झांसी- ग्वालियर से डबरा के बीच बदमाशों ने बैग से उड़ा दिए जेवरात
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ट्रेनों में हो रहीं घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अभी दो-तीन दिन पहले एक महिला व एक युवक को चलती ट्रेन से फेंक दिया गया था। वहीं, शुक्रवार को
उदयपुर-खजुराहो इंटरसिटी में परिवार के साथ सफर कर रही महिला के बैग से साढ़े चार लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण चोरी हो गए। महिला ग्वालियर से झांसी की ओर सफर कर रही थी।
टीकमगढ़ की तहसील बम्होरी के ग्राम जरया निवासी विश्वजीत सिंह गौर भोपाल में डाक विभाग में कार्यरत हैं। तीन दिन पहले उनकी पत्नी संध्या सिंह गौर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ग्वालियर में रिश्तेदारी में आयोजित एक शादी समारोह में हिस्सा लेने गईं थीं। वहां से वह शुक्रवार को परिवार के सात सदस्यों के साथ गाड़ी संख्या 19665 उदयपुर-खजुराहो इंटरसिटी के एस-3 कोच में सवार होकर झांसी की ओर वापस लौट रहीं थीं।
उन्होंने अपने लगभग सात तोले से अधिक वजन के सोने के आभूषणों में हार, मंगलसूत्र, बेंदी व बाजूबंद अपने हैंडबैग में एक डिब्बी में रख दिए थे। ग्वालियर से गाड़ी के डबरा पहुंचने पर उन्होंने कुछ सामान निकालने के लिए हैंडबैग खोला तो उसमें से आभूषण वाली डिब्बी गायब थी। इसकी जानकारी उन्होंने परिजनों को दी। सभी ने कोच में खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला।
घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। इस पर गाड़ी के झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन पर पहुंचने पर आरपीएफ मौके पर पहुंच गई। आरपीएफ की टीम ने घटना के संबंध में जानकारी लेकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया। महिला ने बताया कि स्लीपर कोच होने के बाद भी गाड़ी में भारी भीड़ थी। इसी दरम्यान किसी ने उनके आभूषण चोरी कर लिए।
ग्वालियर-झांसी के बीच निशाने पर हैं महिलाएं, हो चुकीं गहने चोरी होने की कई घटनाएं
झांसी। ग्वालियर से झांसी के बीच ट्रेनों में एक के बाद एक चोरी की घटनाएं सामने आ रहीं हैं। खासतौर पर महिलाएं बदमाशों के निशाने पर हैं। हाल ही में गीता जयंती एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्रा कर रहीं नोएडा निवासी अवधेश मिश्रा की पत्नी नेहा के पर्स से चोरों ने सात लाख रुपये के जेवर पार कर लिए थे। एक अन्य घटना में पठानकोट एक्सप्रेस व वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांद्रा एक्सप्रेस में 20 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी हो गई थी। फरवरी में ग्वालियर से झांसी की ओर आ रहीं कानपुर निवासी दिव्या गुप्ता के पर्स से चोर ढाई लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा मार्च माह में चंबल एक्सप्रेस में यात्रा कर रही महिला के बैग से बदमाशों ने दो लाख रुपये के जेवर पार कर लिए थे। हालांकि, इनमें से अब तक रेलवे पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई है।
