संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के साथ ही यातायात नियमों को तोड़ने वालों पर शासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। तीन बार या उससे अधिक चालान होने पर चालकों के लाइसेंस को निरस्त करने के आदेश जारी किए गए हैं। जिसके तहत झांसी जिले के 1037 लाइसेंसों को निरस्त करने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है।
संभागीय परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जनवरी 2022 से दिसंबर तक 1040 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। जिसमें 325 लोगों की जान चली गई है। वहीं वर्ष 2023 में नवंबर माह तक हादसों की संख्या 568 है। जिसमें 185 लोगों की मौत हुई है। इन हादसों में अधिकांश वाहन चालकों ने यातायात नियमों की अनदेखी की है। जिसमें शराब पीकर वाहन चलाना, ओवर स्पीड, ट्रिपल राइडिंग शामिल हैं। शासनादेश जारी होते ही संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारियों ने तीन बार से अधिक चालान करने वाले वाहन चालकों की सूची तैयार की है। जिसके तहत जिले के 1037 वाहन चालक ऐसे पाए गए हैं जिन्होंने तीन बार से अधिक यातायात नियमों का उल्लंघन किया है। जिस पर उनका चालान किया गया है। विभागीय अधिकारियों द्वारा इन सभी के लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एआरटीओ (प्रवर्तन) हेमचंद्र गौतम ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार तीन बार से अधिक चालान होने वाले चालकों का लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है।