संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर लखनऊ में आठ नवंबर को विरोध-प्रदर्शन करेंगे। जिसमें झांसी और उरई डिपो से भी चालक-परिचालक समेत 200 से ज्यादा कर्मचारी धरना-प्रदर्शन में भाग लेंगे। ऐसे में ये माना जा रहा है कि दीपावली से पहले बसों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
क्षेत्रीय मंत्री विजय नारायण शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों का उत्पीड़न किसी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मांग पूरी न होने पर प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मियों की परिवहन निगम में सामाजिक सुरक्षा एवं वेतन निर्धारण के लिए नियमावली बनाई जाए। कोरोना काल में परिवहन निगम के जो कर्मचारी मृतक हुए तथा उसके पूर्व व बाद में दुर्घटनाओं में व अन्य कारणों से मृतक हुए कार्मिकों के आश्रितों को तत्काल नियमित नियुक्ति प्रदान की जाने सहित कुल 14 सूत्रीय मांग उठाई। उन्होंने कहा कि आठ नवंबर को परिवहन निगम मुख्यालय को घेरने के लिए झांसी से भी कर्मचारी जाएंगे।