अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नगर निगम की कार्यकारिणी के 12 सदस्यों का चुनाव बृहस्पतिवार को होगा। चुनाव में 13 प्रत्याशियों के मैदान में उतरने की संभावना है। इनमें भाजपा नौ और विपक्षी पांच पार्षदों को चुनाव लड़ाने जा रहे हैं। प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को दिन भर गोलबंदी की जाती रही।
तय कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 10.30 से 11.30 बजे तक नामांकन पत्रों का वितरण व जमा किए जाएंगे। 11.30 से 12 बजे के बीच नामांकन पत्रों की जांच होगी। जबकि, दोपहर 12 से 12.30 बजे के बीच प्रत्याशियों को नाम वापसी का मौका दिया जाएगा। मतदान दोपहर एक से 3.30 बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना होगी। सदन में पार्षदों की संख्या के आधार पर भाजपा के आठ पार्षदों का कार्यकारिणी में पहुंचना तय माना जा रहा है, परंतु पार्टी नौ प्रत्याशी उतार रही है। बृहस्पतिवार को यह संख्या और भी बढ़ भी सकती है। जबकि, बसपा, कांग्रेस व निर्दलीय पार्षदों का विपक्षी खेमा पांच पार्षदों को चुनाव लड़ाने जा रहा है।
बुधवार को भाजपा विपक्षी खेमे में सेंधमारी की कोशिश में जुटी रही। खासतौर पर भाजपा की निगाहें निर्दलीय पार्षदों पर टिकी हुईं हैं। वहीं, विपक्षी पार्षद भी अपनी एकजुटता बनाए हुए हैं।
