अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पति के फटकारने से नाराज पत्नी ने जहर खा लिया। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। यहां बृहस्पतिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। वहीं, महिला के पिता ने ससुरालजनों पर संदेह जताया है।
बड़ागांव के अंतर्गत महेबा गांव निवासी संजू गुप्ता पिछले करीब सात माह से निवाड़ी में रह रहे थे। यहां उसने घर पर परचून की दुकान खोल ली थी। इससे परिवार का जीविकोपार्जन होता था। संजू के मुताबिक मंगलवार दोपहर दुकान पर एक ग्राहक आया था। संजू ने पत्नी नीरजा (30) को जाकर सामान देने के लिए कहा लेकिन, नीरजा ने इन्कार कर दिया। इससे संजू नाराज हो गया।
इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद होने लगा। पति के फटकारने से नाराज होकर नीरजा ऊपर अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद जब संजू कमरे में पहुंचा तब नीरजा अचेत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी थी। यह देखकर वह घबरा उठा। वह तुरंत नीरजा को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचा। यहां नीरजा को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर लिया गया। दो दिन से उसका इलाज चल रहा था लेकिन, बृहस्पतिवार उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर नीरजा के पिता लक्ष्मणदास भी मौके पर पहुंच गए। लक्ष्मणदास ने नीरजा की मौत को लेकर संदेह जताया। उनका कहना है घर में जहर कहां से आया, यह बात दामाद ॉनहीं बता पा रहे। उधर, नीरजा की शादी के करीब 12 साल हो गए। परिवार में बेटा अंशुल (10) एवं अभिषेक (7) हैं। मां की मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।