परिजनों ने बाइक से साथ ले गए दोस्त पर जताया शक,
बोले-हादसे में दोस्त को बिल्कुल चोट नहीं लगी, गुत्थी उलझी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पारीछा पावर प्लांट में डस्ट ऑपरेटर की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसका दोस्त उसे सोमवार की रात बाइक से अपने साथ लिवा ले गया था। वहीं, मृतक के परिजन दोस्त द्वारा हादसे को लेकर बताई जा रही कहानी पर शक जता रहे हैं। उनका आरोप है कि इतने बड़े हादसे में दोस्त को बिल्कुल चोट नहीं आई, ये बात उनके गले नहीं उतर रही है।
चिरगांव के बजैरा गांव निवासी नीरज परिहार (28) पारीछा पावर प्लांट में आउटसोर्स पर काम करता था। उसके भाई हेमंत का कहना है कि सोमवार रात नीरज को उसका दोस्त अमित अपने साथ बाइक पर ले गया था। मंगलवार सुबह उन लोगों को मालूम चला कि नीरज का एक्सीडेंट हो गया है। यह सुनकर वह लोग अस्पताल पहुंचे लेकिन, कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार नीरज के दोस्त का कहना है कि झांसी-कानपुर हाईवे पर मोंठ के अमरा गांव के पास उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में नीरज को गंभीर चोट आ गई। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
ऐसे में परिजनों का आरोप है कि नीरज के साथ गए अमित को कोई भी चोट नहीं आई है। पुलिस के सामने उसने नीरज को पहचाने से भी इन्कार कर दिया। दुर्घटना के बाद से वह गायब हो गया। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
बेसुध हो गई पत्नी, पति को जाने से मना किया था
नीरज की सड़क हादसे में मौत की खबर जैसे ही उसकी पत्नी आरती को मिली वह बेसुध होकर गिर पड़ी। परिजनों का कहना है कि करीब चार साल पहले ही नीरज की शादी हुई थी। रात करीब 11 बजे अमित उसके घर आया। वह नीरज को साथ में चलने के लिए कह रहा था। इतनी रात में आरती ने नीरज को बाहर जाने से काफी मना किया लेकिन, इसके बाद भी नीरज ने पत्नी की बात नहीं मानी।
