अमर उजाला ब्यूरो

बबीना। बबीना कैंट की यूनिट तीन में तैनात नायक दीप सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह उनका शव सैन्य क्षेत्र स्थित घोड़ाफार्म के भीतर फंदे से लटका मिला। फंदे से उन्हें उतारकर सबसे पहले सेना अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सैन्य अफसर भी मौके पर पहुंच गए। बबीना पुलिस को भी बुला लिया गया। पुलिस अफसरों के मुताबिक दीप सिंह मानसिक बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज चल रहा था। इस वजह से वह डिप्रेशन में थे। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी से परेशान होकर ही उन्होंने आत्महत्या की।

मूल रूप से आगरा के दिनपुरा इलाका निवासी दीप सिंह (34) की यूनिट तीन में तैनाती थी। सेहत ठीक न होने से उनकी फील्ड में तैनाती नहीं की गई। बृहस्पतिवार शाम रोजाना की तरह वह अपनी बैरक में थे। शुक्रवार सुबह करीब 7.45 मिनट पर उनके साथी घोड़ा फार्म पहुंचे। यहां अंदर की ओर दीप सिंह फांसी के फंदे पर लटके दिखाई पड़े। यह देख यूनिट मेंं हलचल मच गई। उन्हें फंदे से उतारा गया। सेना अस्पताल में पुलिस भी पहुंच गई। पत्नी सरिता को भी सूचना दी गई। शाम को परिवार के लोग भी यहां पहुंच गए। सीओ सदर स्नेहा तिवारी का कहना है कि दीप सिंह की मानसिक अवस्था ठीक नहीं थी। इस वजह से वह डिप्रेशन में थे। उनके कमरे से इलाज के पर्चे मिले हैं। इस वजह से उनके आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव सेना के हवाले कर दिया गया। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *