अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शुक्रवार को नगर निगम सदन की बैठक में हाउसटैक्स हाफ करने का प्रस्ताव पेश होने की उम्मीद है। इसका प्रस्ताव बैठक के एजेंडे में शामिल किया गया है। उम्मीद जताई जा रही कि बजट पेश होने के तुरंत बाद यह प्रस्ताव पेश किया जाएगा। पार्षदों से चर्चा के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
निकाय चुनाव में भाजपा के मेयर प्रत्याशी बिहारी लाल आर्य ने जनसभाओं में एलान किया था कि मेयर बनने के बाद वह पहली बैठक में गृहकर हाफ कर देंगे। मगर सोमवार को हुई कार्यकारिणी की बैठक में इस पर चर्चा तक नहीं हुई। इससे लोग मायूस हो गए। अब महानगर की जनता की निगाहें शुक्रवार को सुबह 11 बजे से होने वाली सदन की बैठक पर टिकी हुई हैं। मगर खास बात ये है कि इस बैठक के एजेंडे में गृहकर हाफ करने के प्रस्ताव को शामिल कर लिया गया है। अब सदन में इस पर चर्चा होगी। इसको लेकर महापौर की पार्षदों के साथ बृहस्पतिवार को बैठक भी हुई। सदन से मंजूरी मिलने के बाद प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा।
शासन की मंजूरी मिलना आसान नहीं
भले ही ये प्रस्ताव नगर निगम सदन से पास हो जाए, मगर इसे शासन से मंजूरी मिलना आसान नहीं होगा। दरअसल, शासन अगर झांसी नगर निगम के लिए गृहकर आधा करने के प्रस्ताव को मंजूर कर देता है तो प्रदेश की अन्य 16 निगमों से भी इसकी मांग उठने लगेगी। चूंकि, गृहकर निगम की आय का बड़ा श्रोत है। ऐसे में इसे कम करने से निगम संचालन में कठिनाई हो सकती है।
ड्रेनेज मास्टर प्लान, चौराहों के सौंदर्यीकरण का भी आएगा प्रस्ताव
महानगर में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए ड्रेनेज मास्टर प्लान का प्रस्ताव लाया जाएगा। शहर में कहां नाला बनाने की जरूरत है, कहां नाले का चौड़ीकरण होना है आदि लेकर महानगर का मास्टर प्लान तैयार कराया जाएगा। इसका अध्ययन करके डीपीआर बनाई जाएगी। इसके अलावा चौराहों के सौंदर्यीकरण का भी प्रस्ताव आएगा। वहीं, डिवाइडर को एक से बढ़ाकर दो फुट कराने का भी प्रस्ताव सदन में रखा जाएगा।
मैंने जो चुनाव में वादा किया था, उसको पूरा करूंगा। गृहकर आधा करने का प्रस्ताव आज सदन की बैठक में आएगा। इसे एजेंडे में शामिल कर लिया गया है। इसके अलावा शहर के विकास कार्यों से जुड़े कई अन्य प्रस्ताव भी लाए जाएंगे। – बिहारी लाल आर्य, महापौर।