संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। वन विभाग की टीम द्वारा कुएं में जाल लगाते ही पूरे क्षेत्र में खामोशी छा गई। खामोशी भी ऐसी कि सिर्फ हवाएं ही सुनाई दे रहीं थी। बीच-बीच में तेंदुए की दहाड़ खामोशी को चीर रही थी। लेकिन वन विभाग के कर्मचारियों और अफसरों ने पूरी तरह से खामोशी अख्तियार की हुई थी। तेंदुए की हलचल वन विभाग के अफसरों को बेचैन कर रही थी।
ग्राम पचार स्थित बीस फुट गहरे सूखे कुएं में शाम चार बजे तेंदुआ गिरा था। सूचना मिलने ही वन विभाग की टीम बिना समय गंवाए ही मौके पर पहुंच गई थी। शाम लगभग पांच बजे कुएं में जाल को लगा दिया गया था। वन विभाग द्वारा मौके पर पिंजरा भी मंगा लिया गया है। लेकिन वनकर्मियों के काफी प्रयास के बाद भी तेंदुए को पकड़ा नहीं जा सका है। क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेश सोनकर ने बताया कि तेंदुए की सूचना मिलते ही प्रभागीय वन अधिकारी एमपी गौतम के साथ ही वनकर्मियों ने ग्राम पचार में डेरा जामा लिया है। कुएं में जाल को लगाने के साथ ही पिंजरा भी मंगा लिया गया है। जल्द ही तेंदुआ पकड़ा जाएगा।
कानपुर से मंगाई जाएगी ट्रंक्यूलाइजर गन
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक तेंदुए के जाल में नहीं फंसने पर कानपुर स्थित चिड़ियाघर से ट्रंक्यूलाइजर गन मंगाई जाएगी। गन के माध्यम से तेंदुए को बेहोश कर काबू किया जाएगा। परीक्षण के बाद तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया जाएगा।